भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र के दक्षिण टोला वार्ड नंबर 7 में जानवर बाँधने को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोहम्मद शारिक (23), मोहम्मद शमीम (41), मोहम्मद नवी (45) और 17 वर्षीय निम्मी के रूप में हुई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह पशु बाँधने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर मोहम्मद इरशाद के बेटे—हुसैन, हसनैन और कैनन—पर आरोप है कि उन्होंने कुल्हाड़ी और रॉड से हमला कर दूसरे पक्ष के लोगों को घायल कर दिया।
घायल शमीम ने बताया कि 6 तारीख को आरोपियों के घर उनकी बहन की शादी थी। शादी के दौरान बाराती और शराती के बीच हुई मारपीट के बाद जब उन्होंने आरोपियों का समर्थन नहीं किया, तभी से विवाद गहरा गया। शमीम के अनुसार सुबह पशु बांधने को लेकर फिर से बहस हुई, जिसे उनके पिता ने शांत करा दिया, लेकिन शाम होते-होते हसनैन आया और उनके पिता को बहला-फुसलाकर साइट पर ले गया और हमला कर दिया।
परिजनों ने जब देखा तो बचाने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने शारिक, नवी और निम्मी पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद सभी घायलों को हबीबपुर थाना पुलिस ने मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना अध्यक्ष पंकज रावत ने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। आवेदन मिलने पर आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल की बात कह रहे हैं।
