भागलपुर–कटिहार जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पूजा के लिए मंदिर जा रहे एक ही परिवार की ऑटो को तेज रफ्तार चार चक्का वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 90 वर्षीय जंगी ठाकुर उर्फ जंग बहादुर ठाकुर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान जंगी ठाकुर उर्फ जंग बहादुर ठाकुर (90 वर्ष), पिता जगरू ठाकुर, निवासी गेरा बड़ी, थाना कोड़ा, जिला कटिहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जंगी ठाकुर अपने परिवार के साथ टेम्पो से पूजा करने कामाख्या मंदिर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन मंदिर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार चार चक्का अल्टो कार ने टेम्पो में जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो में सवार सभी लोग घायल हो गए। जंगी ठाकुर को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पूर्णिया अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने जंगी ठाकुर की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उन्हें लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, इससे पहले ही उनकी हालत और बिगड़ गई। इलाज के दौरान जंगी ठाकुर ने दम तोड़ दिया।
उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। हादसे में घायल अन्य सदस्यों का उपचार जारी है और कुछ की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कामाख्या मंदिर के पास सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, साइनेज और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
