खबर बिहार के सहरसा जिले से है, जहां सौर बाजार थाना क्षेत्र के सुहत गांव वार्ड संख्या-14 में मछली पकड़ने के जाल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला जमकर मारपीट में तब्दील हो गया। इस हिंसक झड़प में महिला समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष का आरोप है कि उनके खेत से मछली पकड़ने का जाल और नाव चोरी हो गई थी। इस चोरी के पीछे गांव के ही सुखदेव मुखिया, रामप्रवेश मुखिया और बुच्ची मुखिया पर शक जताया गया। इसी आरोप-प्रत्यारोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और फिर हिंसक झड़प में बदल गई।

 

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुई इस मारपीट से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

 

इस घटना में एक पक्ष से शुभलता देवी, उषा देवी और उर्मिला देवी घायल हुई हैं, जबकि दूसरे पक्ष से बुच्ची मुखिया, मोना देवी, रामप्रवेश मुखिया और मनी देवी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को पहले सौर बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

 

वहीं सुखदेव मुखिया ने बताया कि 15 तारीख से ही नाव और जाल गायब होने को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर गांव में तनाव बना हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण आज मारपीट की घटना हुई।

 

इधर, सौर बाजार थाना अध्यक्ष प्रभाकर भारती ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

मछली पकड़ने के जाल जैसे मामूली विवाद को लेकर हुई इस हिंसक घटना ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है और गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *