भागलपुर शहर में लंबे समय से जाम की समस्या आम लोगों और यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई थी। विशेषकर लोहिया पुल के समीप डिक्शन मोड़ पर स्थित पुराने बस स्टैंड के चलते इस इलाके में रोजाना भारी जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी। सुबह से लेकर देर शाम तक लगने वाले जाम के कारण न केवल स्थानीय नागरिकों को बल्कि शहर में आने–जाने वाले यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

 

जाम की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बाईपास थाना क्षेत्र के समीप रक्शाडीह में वैकल्पिक बस स्टैंड का निर्माण कराया है। इस नए बस स्टैंड के संचालन से शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

इसी क्रम में आज भागलपुर के उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ रक्शाडीह स्थित नए बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश भी दिए।

 

उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यात्रियों के बैठने की व्यवस्था कर दी गई है, ताकि बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को असुविधा न हो। इसके साथ ही पीने के साफ पानी की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि शौचालय के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है और निर्माण पूरा होने तक यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से चलंत शौचालय की व्यवस्था की गई है।

 

डीडीसी ने आगे कहा कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए बहुत जल्द यात्री शेड का निर्माण भी पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

 

जिला प्रशासन की इस पहल से न केवल डिक्शन मोड़ और लोहिया पुल के आसपास लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू हो सकेगी। साथ ही यात्रियों को एक व्यवस्थित और सुविधाजनक बस स्टैंड मिलने से उनका सफर पहले से कहीं अधिक आसान होने की संभावना है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *