धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित लुबी सर्कुलर रोड के विद्यासागर अपार्टमेंट में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने सोमवार को दुखद मोड़ ले लिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय किशोर ऋषव निशांत की सुबह करीब 6 बजे मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ऋषव अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल की छत से नीचे गिर गया था, जिसके बाद उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

 

प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि हालत में सुधार नहीं होने पर सोमवार सुबह उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही बोकारो के जेना मोड़ के पास उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, किशोर के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं, जो उसकी मौत का कारण बनीं।

 

इस बीच, मृतक के पिता प्रोफेसर कामता प्रसाद ने इस पूरे मामले में बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के दिन जब वह कॉलेज जा रहे थे, तब उन्होंने अपार्टमेंट निवासी कुबेर सिंह के बेटे को जाते हुए देखा था। कॉलेज पहुंचने के कुछ देर बाद उन्हें फोन के जरिए बेटे के गिरने की सूचना मिली।

 

पिता के अनुसार, इलाज के दौरान डॉक्टर ने जब ऋषव से घटना के बारे में पूछा, तो उसने धीमी आवाज में कहा कि किसी ने उसे धक्का दिया है, हालांकि वह किसी का नाम नहीं बता सका। पिता ने आशंका जताई है कि अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले में रहने वाला सिद्धार्थ सिंह इस घटना में शामिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थ के साथ पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।

 

इधर, धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि किशोर की मौत के बाद फर्द बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही, अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *