मुजफ्फरपुर, बिहार। इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में मुजफ्फरपुर की होनहार छात्रा पलक कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साइंस संकाय में राज्य स्तर पर टॉप-5 में अपनी जगह बनाई है। पलक ने 500 में से 475 अंक हासिल कर 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और जिले का नाम पूरे बिहार में रोशन किया।

 

पलक कुमारी सरैया प्रखंड के राजकीयकृत सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीजपुर की छात्रा हैं। वह पहले भी मैट्रिक परीक्षा में 458 अंक लाकर टॉपर रह चुकी हैं। लगातार दूसरी बार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पलक ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

साधारण परिवार से आने वाली पलक के पिता सरैया में सिंगार और कपड़ों की दुकान चलाते हैं। चार भाई-बहनों में वह सबसे छोटी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के बावजूद माता-पिता ने हमेशा उनकी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

पलक की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय बेलवर रूपनाथ कन्या विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहिलवाड़ा रूपनाथ नया से पढ़ाई जारी रखी और इंटर की पढ़ाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अजीजपुर से पूरी की।

 

पढ़ाई के प्रति पलक की लगन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह रोजाना 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई करती थीं और नियमित रूप से स्कूल जाती थीं। उनकी इसी मेहनत ने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।

 

पलक का सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। वह आगे भी इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी।

 

अपनी सफलता का श्रेय पलक ने अपने माता-पिता, बड़ी बहनों और शिक्षकों को दिया है। वहीं उनके पिता ने बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि पलक ने पूरे परिवार का नाम रोशन किया है।

 

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी इस वर्ष के परिणाम में मुजफ्फरपुर जिले से केवल पलक कुमारी ही राज्य स्तरीय टॉप-5 सूची में स्थान बना सकी हैं। उनकी सफलता पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *