बिहार के मुंगेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सफियासराय थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार को अपनी पत्नी मधु कुमारी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना शनिवार देर शाम की है, जब किराए के मकान में चंदन की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मधु की मौत हो गई।
शुरुआत में इस घटना को आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार दिया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता रंजीत कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी 2025 को मधु की शादी बड़े धूमधाम से चंदन कुमार के साथ हुई थी। पिता के मुताबिक, “साल भर पहले ही बेटी की शादी की थी, लेकिन उसे दहेज और अन्य कारणों से प्रताड़ित किया जा रहा था।”
परिजनों ने यह भी दावा किया कि चंदन कुमार का एक महिला पुलिसकर्मी के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मधु की मां और मौसी ने कहा कि वह मानसिक रूप से मजबूत थी और आत्महत्या नहीं कर सकती थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था और करीब 10 साल बाद परिवार की सहमति से अंतरजातीय विवाह हुआ था। लेकिन शादी के बाद रिश्तों में तनाव बढ़ता गया।
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ, जिसके बाद सर्विस रिवॉल्वर से गोली चली और मधु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि यह गोली जानबूझकर चलाई गई।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। एफएसएल टीम जांच में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और मुंगेर में ही अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
