फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर भागलपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए) के दौरान दवा सेवन से वंचित रह गए लोगों को अब मॉप-अप राउंड के माध्यम से दवा खिलाई जा रही है। यह अभियान 5 मार्च से 13 मार्च तक जिले के शहरी क्षेत्र सहित सभी प्रखंडों में चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी (डीवीबीडीसीओ) डॉ. दीनानाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले 10 से 28 फरवरी तक जिले में एमडीए अभियान चलाया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई। इसके बाद स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष बूथ लगाकर लोगों को दवा दी गई।
डॉ. दीनानाथ ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले में लगभग 90 प्रतिशत लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाई जा चुकी है। हालांकि कुछ लोग किसी कारणवश दवा सेवन से वंचित रह गए थे या कुछ लोगों ने दवा खाने से इंकार कर दिया था। ऐसे सभी लोगों को दवा खिलाने के लिए अब मॉप-अप राउंड चलाया जा रहा है, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।
उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग अभी तक फाइलेरिया की दवा नहीं ले पाए हैं, वे इस अभियान के दौरान अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता या स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क कर दवा का सेवन जरूर करें। फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो व्यक्ति को जीवन भर के लिए दिव्यांग बना सकती है। इससे बचाव के लिए एलबेंडाजोल और डीईसी टैबलेट का सेवन बेहद जरूरी है।
वहीं जिला वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी (वीडीसीओ) आरती कुमारी ने बताया कि जिले में 32 लाख 25 हजार 216 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक करीब 29 लाख 2 हजार 694 लोगों को फाइलेरिया की दवा दी जा चुकी है। अब मॉप-अप राउंड के माध्यम से शेष लोगों को दवा देकर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
