सहरसा में आज इंडियन इनक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह नगर विधायक आईपी गुप्ता के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह सम्मान उन्हें हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान सहरसा के विकास से जुड़े 40 से अधिक सवाल उठाने के लिए दिया गया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

 

सम्मान समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आईपी गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पहली बार सहरसा के मुद्दों को इतनी गंभीरता और व्यापकता के साथ विधानसभा में उठाया है। उन्होंने कहा कि सहरसा के विकास को लेकर उन्होंने 40 से अधिक सवाल पूछे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इससे पहले के विधायकों ने कभी भी इतनी सक्रियता नहीं दिखाई और जनता के मुद्दों को गंभीरता से नहीं उठाया।

 

आईपी गुप्ता ने पूर्व विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ जनता को ठगने का काम किया और सहरसा के विकास को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है और जनता विकास चाहती है, जिसके लिए वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस सम्मान समारोह की पहले से कोई जानकारी नहीं थी और व्यक्तिगत रूप से उन्हें ऐसे आयोजनों में ज्यादा रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ जनता की सेवा करना है और वे उसी में संतुष्टि महसूस करते हैं।

 

आईपी गुप्ता ने सहरसा को “गेटवे ऑफ बिहार” बनाने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द इस योजना पर काम शुरू होगा और लोगों को जमीन पर बदलाव दिखने लगेगा।

 

उन्होंने अंत में कहा कि वे सहरसा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *