भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू देवी बालिका उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्राएं जिया और सोनाक्षी के लापता होने का मामला आखिरकार सुलझ गया है। दोनों छात्राएं 8 जनवरी को अपने घर से एडमिट कार्ड लाने के लिए विद्यालय जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर बबरगंज थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस ने कई राज्यों में संपर्क साधा और लगातार छापेमारी की, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी। इसी बीच 31 जनवरी को मुंबई की चाइल्ड हेल्प सोसाइटी से वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि दोनों छात्राएं वहां सुरक्षित हैं।

 

सूचना मिलते ही परिजनों को बुलाकर वीडियो कॉल के माध्यम से पहचान कराई गई, जिसमें पुष्टि हुई कि वही जिया और सोनाक्षी हैं। इसके बाद भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हुई और दोनों छात्राओं को सुरक्षित वापस लेकर आई। भागलपुर पहुंचने के बाद दोनों का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों छात्राएं अपनी मर्जी से घर से निकली थीं। वे पहले भागलपुर से पटना गईं और वहां से दादर ट्रेन सेवा के जरिए मुंबई पहुंचीं। फिलहाल दोनों का बयान व्यवहार न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा। कोर्ट में दर्ज बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वे किन परिस्थितियों में मुंबई पहुंचीं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *