बिहार के सहरसा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग छात्र को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घटना बसनही थाना क्षेत्र के वरीबन सहसोल गांव की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि घायल छात्र की पहचान कृष्णा कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो चौथे वर्ग का छात्र है। वह बसनही थाना क्षेत्र के वरीबन सहसोल वार्ड संख्या-3 निवासी पंकज साह का पुत्र है। घटना उस समय हुई जब कृष्णा कुमार गांव के पास भैंस चराने गया हुआ था।

 

इसी दौरान काली स्थान के समीप पड़ोस में रहने वाले पन्ना सिंह, जिन्हें स्थानीय सरपंच बताया जा रहा है, ने चिड़िया मारने वाली बंदूक से उस पर गोली चला दी। गोली का छर्रा सीधे बच्चे के गाल में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पन्ना सिंह ने अपने पूर्वज के स्मारक को किसी द्वारा तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए गुस्से में इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, इस बात की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

घटना के बाद इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *