बिहार की सियासत में बयानबाजी तेज होती जा रही है। राज्य सरकार के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार की जमीनी हकीकत का कोई ज्ञान नहीं है और वे सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति करते हैं।

 

मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि जब भी बिहार में कोई बड़ी घटना होती है, तेजस्वी यादव राज्य से बाहर चले जाते हैं और जनता के बीच नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नेता को हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहना चाहिए, लेकिन तेजस्वी ऐसा नहीं करते।

 

चंद्रवंशी ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार की संस्कृति, परंपरा और यहां के लोगों के सुख-दुख से कोई सरोकार नहीं है। वे केवल राजनीतिक लाभ और सत्ता की कुर्सी पर नजर रखते हैं। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि तेजस्वी को पहले अपने माता-पिता के शासनकाल की समीक्षा करनी चाहिए और समझना चाहिए कि उस समय जनता ने क्या अनुभव किया और कितना समर्थन दिया।

 

इसके साथ ही मंत्री ने राज्य में लागू शराबबंदी कानून को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में शराबबंदी पूरी सख्ती से लागू है और जो भी अवैध कारोबार में शामिल पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोहराया कि एनडीए सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

 

चंद्रवंशी ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की सरकारों में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जाता था और उन्हें बचाने के लिए दबाव बनाया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार में ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और हर दोषी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *