भागलपुर में महिला एवं बाल विकास निगम तथा समाज कल्याण विभाग, बिहार के सौजन्य से “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना–2026” के अंतर्गत सैंडिश कंपाउंड में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज को एक सशक्त संदेश दिया।

 

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। चाहे बीपीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं हों या इंटर और मैट्रिक के परिणाम—हर जगह बेटियां उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और समाज का नाम रोशन कर रही हैं।

 

जिलाधिकारी ने भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी सोच बदलनी होगी और बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देनी होगी।

 

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” अभियान को सफल बनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, शिक्षा को प्रोत्साहित करना और लैंगिक समानता का संदेश देना रहा।

 

मिनी मैराथन के दौरान सैंडिश कंपाउंड में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों के जोश और आत्मविश्वास ने यह साबित कर दिया कि यदि अवसर मिले तो बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं। यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने वाला रहा, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण

पहल साबित हुआ।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *