सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपराहा गांव में मंगलवार की रात करीब 9 बजे एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय महेश्वर झा पिता कमलेश्वर झा, निवासी गोपराहा के रूप में हुई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही नवहट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मृतक के पुत्र के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि महेश्वर झा को उनके ही परिवारिक विवाद में गोली मारी गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक को सिर और पैर में गोली मारी गई थी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ठाकुर और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया।

 

जानकारी के अनुसार महेश्वर झा लंबे समय से अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रहे थे और कुछ दिन पूर्व ही गांव लौटे थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली में ही मौजूद थे। अचानक हुई इस वारदात से गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

 

पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर घटना की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया गया है, जो मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *