बोधगया में बौद्ध ध्यान एवं अध्यात्म केंद्र बनेगा। स्वदेश दर्शन-2 योजना के तहत केंद्र सरकार ने इसे मंजूरी दी है। इस पर 165.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी पहली किस्त के रूप में 16.54 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
राज्य मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद इस पर जल्द ही काम शुरू होगा। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की मंजूरी और निगरानी समिति ने 27 मार्च को इस परियोजना को हरी झंडी दी है। इसी के तहत विशेष ध्यान एवं अध्यात्म केंद्र विकसित किया जाएगा। केंद्र का डिजाइन प्राचीन बौद्ध वास्तुकला केसरिया स्तूप से प्रेरित होगा। इसका ढांचा प्राचीन बौद्ध स्तूपों के आधार पर विकसित किया जाएगा।