सहरसा जिले में वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा 2026 आज से शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में शुरू हो गई। परीक्षा 25 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। जिले के कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संचालित की जा रही है। प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, सहरसा सदर अनुमंडल में 20 परीक्षा केंद्र और सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली की अवधि तीन घंटे निर्धारित है।
परीक्षार्थियों की सुविधा और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रथम पाली का गेट सुबह 8:00 बजे खोल दिया गया। निर्देशानुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश की अनुमति दी गई। यानी प्रथम पाली में सुबह 9:00 बजे और द्वितीय पाली में दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। देरी से आने वाले छात्रों को सख्ती से रोका जा रहा है।
इस वर्ष जिले में कुल 24,339 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें 12,183 छात्राएं और 12,156 छात्र शामिल हैं। चार मॉडल परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं, जहां विशेष निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
हर परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और निगरानी दल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और उड़नदस्ता टीमों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश कुमार स्वयं यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, ताकि परीक्षार्थियों को जाम या अन्य बाधाओं के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
