बिहार के सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां करगहर थाना क्षेत्र के बसडीहा गांव में भीषण आग लगने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। इस आगजनी की घटना में 100 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बसडीहा गांव के खेतों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देखते ही देखते तेज हवाओं ने और भड़काया। इन दिनों क्षेत्र में गर्म हवाओं का तेज थपेड़ा चल रहा है, जिससे आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आप तस्वीरों में साफ देख सकते हैं कि किस तरह गेहूं की फसल धू-धू कर जल रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि किसानों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। खेतों में खड़ी महीनों की मेहनत पल भर में जलकर खाक हो गई।7
घटना के बाद स्थानीय किसान अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। कोई पानी डाल रहा था तो कोई आग को फैलने से रोकने के लिए खेतों की मेड़ काट रहा था। लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर धीरे-धीरे काबू पाया जा रहा है, हालांकि तब तक किसानों को भारी नुकसान हो चुका था।
इस आगजनी की घटना से इलाके के किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अब किसान प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
