उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक विवाहिता के साथ क्रूरता और उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तीन साल पहले उसकी शादी लालकुर्ती थाना क्षेत्र में रहने वाले एक रेलवे कर्मचारी से हुई थी। आरोप है कि शादी के तुरंत बाद ही पति ने उसका मानसिक और शारीरिक शोषण शुरू कर दिया।

पीड़िता के मुताबिक, पति अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित करता था। घर में उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट होती थी। एक साल पहले तो हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोप है कि पति ने उसे आठ दिनों तक एक कमरे में बंद रखा और बाहर नहीं निकलने दिया। इस दौरान गर्म चिमटों से उसे दागा गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।

मामले की जानकारी जब दोनों पक्षों के रिश्तेदारों को हुई तो उन्होंने हस्तक्षेप कर समझौता कराया। पीड़िता को दोबारा ससुराल भेज दिया गया, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। आखिरकार तंग आकर वह मायके लौट आई।

अब पति पर और भी गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता का कहना है कि पति ने उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं और आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखीं। इतना ही नहीं, उसकी “कीमत” लिखकर मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया, जिससे अनजान लोग उसे कॉल कर परेशान करने लगे। इस घटना से पीड़िता और उसका परिवार गहरे सदमे में है।

सोमवार को पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच सीओ दौराला को सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *