सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत केदली पंचायत के वार्ड नंबर-8 से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।

 

मृतका की पहचान आशा कुमारी के रूप में हुई है। आशा की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व केदली पंचायत के ही वार्ड नंबर-8 निवासी साधु मंडल, पिता गनपत मंडल, के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। परिजनों के अनुसार, विवाह के समय करीब तीन लाख रुपये तिलक के रूप में दिए गए थे। दंपती की एक दो वर्षीय बेटी भी है, जो अब अपनी मां के साये से वंचित हो गई है।

 

आशा के पिता धर्मदेव मंडल सुपौल जिले के सोनक गांव, वार्ड नंबर-9 के निवासी हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल में प्रताड़ना के बाद आशा की हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया। घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

इस मामले में साधु मंडल के अलावा बिनोद मंडल, रोहित मंडल और टप्पो मंडल के नाम भी सामने आए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मायके पक्ष ने जल्द से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *