लोक जनशक्ति पार्टी के नेता डॉ मृणाल शेखर, महिला नेत्री रानी चौबे, रेखा शर्मा व संध्या मिश्रा और युवा जदयू के विशाल गौरव, राहुल रंजन सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सभी को सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के आने से पार्टी और मजबूत होगी। कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद यह साफ हो गया कि न अब सेकेंड फ्रंट बनेगा न थर्ड फ्रंट बनेगा। दावा किया कि 2025 के चुनाव तक जदयू समाप्त हो जाएगा।
विधानमंडल के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज बिहार में राजनीतिक अस्थिरता के कारण प्रशासनिक अराजकता फैल गई है। सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कर्नाटक चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष उत्साहित है, लेकिन उसे यह नहीं भूलना चाहिए कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदाता अलग-अलग तरीके से मतदान करते हैं।
पिछली बार राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड जीती थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अब वह समय दूर नहीं जब भागलपुर, मुंगेर, बांका में अन्य दल के कोई नेता नहीं दिखेंगे। समारोह का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार ने किया।
