नई दिल्ली । राहुल गांधी Game सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा राहुल गांधी और कांग्रेस को झूठे आरोप लगाने की आदत बन गई है।
उन्होंने फैसले को संविधान और न्यायसम्मत बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी अपने आप को देश, संवैधानिक संस्थाओं और संसद से बड़ा समझते हैं। उन्होंने खुद कहा था कि वह दुर्भाग्यवश सांसद हैं। आज उनको उस दुर्भाग्य से मुक्ति मिल गई है। उनके साथ-साथ वायनाड के लोगों को भी इससे छुटकारा मिल गया है।
राहुल गांधी ने वर्ष 2018 में भी उच्चतम न्यायालय के समक्ष माफी मांगी थी तो अदालत ने कहा था कि आप भविष्य में ऐसा मत कीजिए, इसके बावजूद उन्होंने वर्ष 2019 में विवादित टिप्पणी की थी। यह प्रधानमंत्री समेत पूरे पिछड़े वर्ग के लिए दुर्भाग्यपूर्ण था। इस कृत्य के लिए उनको माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एक नहीं, बल्कि सात अलग-अलग मामलों में जमानत पर हैं।
केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, राहुल गांधी इतने लंबे समय तक लोकसभा सदस्य रहे पर अमेठी के लिए कभी कोई प्रश्न नहीं पूछा। इतने वर्षों में मात्र 21 बहसों में भाग लिया। एक भी प्राइवेट मेंबर बिल लाना तो दूर अपनी ही सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश को नॉनसेंस बोलकर फाड़ने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि राहुल ने हमेशा खुद को सदन, सरकार, न्याय व्यवस्था व देश से ऊपर समझा है। अनुराग ठाकुर ने सवाल किया कि राहुल इस बात को समझें कि कांग्रेस के अंदर कोई उनके खिलाफ साजिश रच रहा है। उन्हें किसने गलत राय दी है।
