खबर बिहार के सहरसा से है, जहां कोशी का पीएमसीएच कहे जाने वाले सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। इस बार मामला इसलिए भी गंभीर हो गया है, क्योंकि अस्पताल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा गार्ड पर ही अस्पताल प्रबंधन ने एफआईआर दर्ज कराई है। चोरी की यह घटना अस्पताल परिसर के भीतर घटित हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।

 

दरअसल, 27 और 28 दिसंबर की मध्य रात्रि करीब ढाई बजे सदर अस्पताल परिसर स्थित कोविड अस्पताल के एक बंद कमरे की सीलिंग को क्षतिग्रस्त कर वहां लगे करीब 24 एयर कंडीशनर के आउटडोर यूनिट चोरी कर लिए गए। इस घटना की पुष्टि खुद अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. एस.एस. मेहता ने की थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर से पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

 

मामले को लेकर 29 दिसंबर को सहरसा सदर थाना में अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. एस.एस. मेहता के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच में सदर अस्पताल के उत्तरी भाग स्थित पोस्टमार्टम रोड की ओर से 5 से 6 लोगों की संलिप्तता सामने आई। एफआईआर में कुल पांच आरोपियों के नाम दर्ज किए गए हैं, जिनमें 19 वर्षीय प्रिंस कुमार, 19 वर्षीय किशन कुमार, 25 वर्षीय राजन कुमार, 20 वर्षीय कर्ण कुमार और 20 वर्षीय कन्हैया कुमार शामिल हैं।

 

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने मंगलवार देर शाम मीडिया को बताया कि एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर जिला स्कूल के समीप स्थित एक कबाड़ी दुकान से दो एसी आउटडोर बरामद किए गए। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में कबाड़ी दुकानदार सचिन को भी गिरफ्तार किया गया है।

 

एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह का संबंध अस्पताल परिसर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से भी है। फिलहाल, इस घटना के बाद सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *