सहरसा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी राहुल सिंह को विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश और सतत निगरानी में की गई।

 

मामला महिषी थाना कांड संख्या 331/25, दिनांक 09.10.2025 से जुड़ा है, जिसमें हत्या के प्रयास, फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज थी। शिकायत के अनुसार आरोपी और उसके सहयोगियों ने वादी के घर पहुंचकर मारपीट, फायरिंग और जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद से राहुल सिंह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाना बदल रहा था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिला आसूचना इकाई और महिषी थाना पुलिस को शामिल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया सूचना के आधार पर 23 फरवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार अपराधी राहुल सिंह, पिता भूषण सिंह, साकिन महिषी थाना क्षेत्र, जिला सहरसा का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कई मामले शामिल हैं। वर्ष 2008 से लेकर 2026 तक विभिन्न कांडों में वह नामजद रहा है।

 

पुलिस ने बताया कि विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है और अन्य फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, साइबर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार, महिषी थाना अध्यक्ष जयशंकर कुमार सहित जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

 

सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *