भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में हथियार लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक खुलेआम हथियार लहराते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में पहले से ही अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में इस वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-02) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

जांच के दौरान मो. तारिक (पिता मो. मनीर), निवासी भतुआवाड़ी, थाना हबीबपुर के लिखित आवेदन के आधार पर हबीबपुर थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई तेज कर दी।

 

पुलिस को सूचना मिली कि वीडियो में दिख रहे आरोपी अम्बे रोड हटिया स्थित अपने गांव में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की और दो अपराधियों—करण कुमार (पिता परमानंद साह) और मिथलेश कुमार (पिता नागेश्वर साह), दोनों निवासी अम्बे रोड हटिया—को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

इस छापेमारी अभियान में हबीबपुर थाना के सह-थानाध्यक्ष सफदर अली, संतोष कुमार, प्रियरंजन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *