भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जगदीशपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अस्पताल चौक के पास हीरा यादव के फूस के झोपड़ी में कुछ लोग इकट्ठा होकर किसी बड़े अपराध की योजना बना रहे हैं और हथियार जमा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लोहे का देशी कट्टा और 7 जिंदा कारतूस बरामद किया।
मौके से पंकज यादव, उम्र 40 वर्ष और अंशु कुमार, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी हीरा यादव मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हीरा यादव के दो मंजिला मकान पर भी छापेमारी की। इस दौरान वहां से एक और देशी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस और एक पेंदा ठोका हुआ कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई।
इस अभियान में थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के साथ पुलिस पदाधिकारी विकाश कुमार, सुधीर कुमार सिंह और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी हीरा यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
