सहरसा जिले के नौहट्टा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

 

जानकारी के अनुसार, अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साहेडीह गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ब्लू रंग के बैग में झाड़ी के अंदर छुपाकर रखे गए 120 पीस, यानी करीब 12 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया। मौके से पुलिस ने साहेडीह निवासी मन्नू कुमार, पिता अशर्फी विश्वास, वार्ड संख्या 4 को गिरफ्तार कर लिया।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा रहा था और इसकी तस्करी की आशंका है।

 

इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए एक और गुप्त सूचना के आधार पर डुमरा निवासी मदन सादा को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग साढ़े पांच लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

 

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

नौहट्टा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशे के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *