भागलपुर पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कहलगाँव थाना क्षेत्र के शिव पार्वती नगर में पुलिस ने छापेमारी कर 58.028 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।

 

दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिव पार्वती नगर स्थित विजय तांती के घर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगाँव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

गठित टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि चार युवक ब्राउन शुगर की पैकिंग कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना कुमार, गोविन्द कुमार, सोनू कुमार और राजा कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी शिव पार्वती नगर, कहलगाँव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस ने मौके से 58.028 ग्राम ब्राउन शुगर, 270 नशीली टैबलेट, दो मोबाइल फोन, 800 रुपये नगद, सिल्वर पेपर, पांच वेट मशीन, एक चिलम और एक टिन बॉक्स बरामद किया है। बरामद सामान यह संकेत देते हैं कि यहां बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की पैकिंग और सप्लाई का काम चल रहा था।

 

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई को इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *