जामताड़ा नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में विकास और पारदर्शिता को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं। नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया गया है।

 

सबसे बड़ी राहत आम लोगों को पानी कनेक्शन को लेकर मिली है। अब नया जल कनेक्शन 4000 रुपये की जगह मात्र 3000 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, पानी की चोरी करने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। अवैध पंप चलाते पकड़े जाने पर 5000 रुपये या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जाएगा।

 

बैठक में साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गई सोलर लाइट में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए इसकी जांच एसीबी से कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा अमृत योजना के तहत तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों की भी उच्च स्तरीय जांच की मांग उठी है।

 

शहर के विकास को गति देने के लिए हर वार्ड में पीसीसी सड़क, नाली निर्माण, डीप बोरिंग और 3000 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी लगाने की योजना बनाई गई है, जिससे नागरिकों को 24 घंटे पानी उपलब्ध कराया जा सके।

 

बैठक में एक और अहम निर्णय लेते हुए चिल्ड्रन पार्क का नाम बदलकर अब विवेकानंद पार्क करने का प्रस्ताव पास किया गया। साथ ही वहां जंग बहादुर सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

 

नगर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रधान सहायक तमल कांति और लेखपाल पंकज रेखान समेत कई दैनिक भत्ता कर्मियों को कार्यमुक्त करने का फैसला भी लिया गया। सफाई कर्मचारियों के मानदेय बढ़ाने के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा।

 

गर्मी को देखते हुए सभी चापाकलों को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया है।

 

कुल मिलाकर जामताड़ा की इस पहली बोर्ड बैठक में विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही पर खास जोर दिया गया है। अब देखना होगा कि इन फैसलों को जमीन पर कितनी तेजी से उतारा जाता है।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *