बिहार के वैशाली जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पातेपुर थाना में तैनात दारोगा अखिलेश कुमार सिंह को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, चंदन कुमार नामक परिवादी ने निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पातेपुर थाना कांड संख्या 84/26 और 85/26, जो एक काउंटर केस से जुड़ा मामला है, उसमें केस डायरी लिखने और मामले को रफा-दफा करने के एवज में दारोगा द्वारा 15 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही दारोगा ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दारोगा ने पहले पैसे गिने और फिर उन्हें अपनी पिछली जेब में रख लिया, तभी निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी थाना परिसर के अंदर, सरकारी आवास के ठीक बाहर की गई। इसके बाद निगरानी टीम ने पातेपुर थाने में ही आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। आरोपी को अब आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया है। डीएसपी निगरानी सतेंद्र राम ने बताया कि परिवादी चंदन कुमार की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। साथ ही, यह कार्रवाई एक स्पष्ट संदेश देती है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम जारी रहेंगे और रिश्वतखोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *