बिहार के सहरसा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेजनाथपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मार्च 2026 को बेजनाथपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन में तहखाना बनाकर शराब की खेप मधेपुरा से सहरसा लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए बेजनाथपुर थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने एनएच-107 मधेपुरा-सहरसा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान मधेपुरा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन के डिक्की में बने गुप्त तहखाने से विभिन्न ब्रांड की कुल 83.16 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान अजय कुमार चौधरी और फुलो शर्मा के रूप में हुई है। दोनों सहरसा जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। इस मामले में बेजनाथपुर थाना कांड संख्या 43/2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना अध्यक्ष सहित जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।
सहरसा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
