बिहार की राजधानी पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खगौल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक मुस्तफापुर गांव में की गई। शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी की योजना बनाई और आरोपी के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले, जिसे जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौके से कुल 4.846 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं, जिसमें हेरोइन और ब्राउन शुगर शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि बरामद हेरोइन और ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह मादक पदार्थ मुख्य रूप से नॉर्थ ईस्ट के इलाकों से लाया जाता था। तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल लोगों को माल लाने के बदले करीब एक लाख रुपये तक दिए जाते थे।
एसएसपी के अनुसार इस पूरे नेटवर्क के जरिए नशे की खेप को विभिन्न जगहों तक पहुंचाया जाता था। उन्होंने बताया कि तस्करी के लिए अधिकतर ट्रेन का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे पुलिस की नजर से बचते हुए मादक पदार्थों की सप्लाई की जा सके। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस गिरोह का मुख्य सरगना फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की भी जांच की जाएगी। एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की काली कमाई से बनाई गई संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
इस बीच पटना पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 8102488655 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
