सहरसा रेलवे स्टेशन पर पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सतर्क” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

 

जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:39 बजे ट्रेन संख्या 15280 पुरबिया एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचने के बाद आरपीएफ टीम ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष कुमार (26 वर्ष), पिता दिलीप कुमार यादव, निवासी बेलहा, थाना सौर बाजार, जिला सहरसा बताया। उसने खुद को ट्रेन के कोच H/1 का कोच अटेंडेंट बताया।

 

संदेह गहराने पर उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से 60 बोतल Mountain OKK Premium Grain Whisky (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद हुई। जब्त शराब का कुल परिमाण 10.8 लीटर है। प्रत्येक बोतल की अनुमानित कीमत 110 रुपये बताई गई है, इस तरह कुल कीमत लगभग 6,600 रुपये आंकी गई है। बरामद शराब राजस्थान निर्मित है, जबकि बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के कारण इसका परिवहन व बिक्री प्रतिबंधित है।

 

आरपीएफ ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार की और आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए मद्य निषेध थाना, सहरसा के हवाले कर दिया।

 

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि “ऑपरेशन सतर्क” के तहत स्टेशनों और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *