बिहार के नवादा जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन PLFI के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में छापेमारी के दौरान की गई।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान स्वर्गीय रामेश्वर राजवंशी के पुत्र दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू और सादो राजवंशी के पुत्र मिथलेश राजवंशी के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर हरदिया गांव में छापेमारी की गई, जहां से दोनों को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर रजौली थाना क्षेत्र के भानेखाप के पहाड़ी और जंगली इलाके में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद सामानों में दो 315 बोर की रेगुलर रायफल, 20 जिंदा कारतूस, एक टेक्टिकल गियर (बुलेटप्रूफ प्लेट के साथ), एक बुलेटप्रूफ पटका, 9 डेटोनेटर और करीब 40 किलो विस्फोटक पदार्थ शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियारों की बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने एक बड़ी घटना को टाल दिया है।
फिलहाल दोनों गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि संगठन के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
