बिहार के नवगछिया पुलिस जिले से बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के 17 मोबाइल बरामद किए हैं। वहीं, एक पुराने फायरिंग और चोरी के मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है, जिसमें एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर जिले में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मार्च 2026 को कदवा थाना पुलिस टीम एनएच-58 तिरधार के पास वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

 

जांच के दौरान जब उससे पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार चौधरी, निवासी गोपालपुर मकई टोला, थाना साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई है।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग जगहों से मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने का काम करता है। बरामद मोबाइल के संबंध में वह कोई वैध कागजात भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इस मामले में कदवा थाना कांड संख्या 36/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

वहीं दूसरी ओर, गोपालपुर थाना क्षेत्र में पूर्व में हुए एक सनसनीखेज फायरिंग और चोरी के मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है। यह घटना 5 सितंबर 2025 की है, जब डिमहा गांव में चोरी कर भाग रहे अपराधियों ने ग्रामीणों पर फायरिंग की थी।

 

इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब इसी कांड में संलिप्त एक विधि विरुद्ध बालक को भी 30 मार्च 2026 को निरुद्ध किया गया है।

 

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *