भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 8040 पीस कोडीन युक्त सिरप और 21,000 टेन टैबलेट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

 

जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ईशाकचक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के इस्लामनगर में दिलकश रमीज के घर में भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर उसकी खरीद-फरोख्त की जा रही है।

 

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले इसका सत्यापन कराया। सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में तथा डीआईयू टीम और नगर-01 के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तुरंत इस्लामनगर स्थित दिलकश रमीज के घर पर छापेमारी की।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर एक व्यक्ति को बैठे देखा। पुलिस को देखते ही वह युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मो. फरहान के रूप में हुई।

 

इसके बाद जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो वहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से 8040 पीस कोडीन युक्त सिरप और 21,000 टेन टैबलेट बरामद किए, जिन्हें नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

 

पुलिस ने बरामद दवाओं को जब्त करते हुए आरोपी मो. फरहान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में ईशाकचक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस घर से यह बरामदगी हुई है, उस घर के मालिक दिलकश रमीज का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *