नवगछिया। रविवार शाम करीब छह बजे एनएच-31 पर रंगरा चौक के समीप एक खड़ी बस में पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उत्पाद विभाग की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल 12 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की पुलिस टीम पूर्णिया से भागलपुर आ रही एक बस को रोककर यात्रियों के सामान की जांच कर रही थी। जांच की प्रक्रिया चल ही रही थी कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और वहां खड़े पुलिसकर्मी व यात्री घायल हो गए।


घायलों में बिहार होमगार्ड की जवान संध्या कुमारी, गुंजन कुमारी और मुकेश कुमार शामिल हैं। इसके अलावा नवगछिया के कदवा निवासी नीरज कुमार, खुशबू देवी, आयुष कुमार, गोलू कुमार, खगड़ा के विनोद मंडल, बिछिया देवी तथा अन्य तीन यात्री भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।


प्राथमिक उपचार के बाद संध्या कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-31 पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *