पटना सिटी क्षेत्र में चैती छठ पूजा के दौरान बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मालसलामी थाना क्षेत्र के दमराही घाट पर गंगा नदी में स्नान करने उतरे पांच युवकों में से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चैती छठ के अवसर पर सुबह से ही दमराही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इसी दौरान पांच युवक गंगा में स्नान करने के लिए उतरे। बताया जा रहा है कि अचानक नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण तीन युवक संतुलन खो बैठे और डूबने लगे। हालांकि, दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बाकी तीन युवक गहरे पानी में समा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर मालसलामी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान गणेश कुमार (18) और रोहित कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित हनुमान नगर के निवासी थे। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और माहौल गमगीन हो गया।
वहीं तीसरे युवक सीबू का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ और एसएसबी की टीम गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक संभवतः सेल्फी लेने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में स्नान करते समय सतर्क रहें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
