पटना के फतुहां इलाके से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहां गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के सात लोग नदी में डूब गए। यह हादसा कच्ची दरगाह स्थित गंगा घाट पर पीपा पुल के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ित परिवार में कोहराम छा गया।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति गहरे पानी में जाने लगा, जिसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर सात लोग नदी में उतर गए और सभी डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों और गोताखोरों की तत्परता से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो लोग अब भी लापता हैं।
लापता लोगों की पहचान निशांत कुमार (21) और मानसी कुमारी (17) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में ममेरा-फुफेरा भाई-बहन बताए जा रहे हैं और कच्ची दरगाह के आलमपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आए हुए थे।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना के SHO सद्दाम हुसैन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद रुस्तमपुर थाने की पुलिस और राघोपुर ब्लॉक के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राहत कार्य तेज करने की मांग की।
हालांकि, इस दौरान SDRF टीम के पहुंचने में करीब पांच घंटे की देरी हुई, जिससे परिजनों में नाराजगी देखी गई। SDRF के आने से पहले ही स्थानीय गोताखोर गोलू और उनकी टीम ने खोजबीन शुरू कर दी थी। शाम तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन दोनों लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस का कहना है कि SDRF की टीम लगातार गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है और लापता दोनों लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
