बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के एमएमटीएम कॉलेज परिसर के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, केवटी प्रखंड के हनुमान नगर दूधिया गांव से करीब 10 से 12 छात्र-छात्राएं द्वितीय पाली की परीक्षा देने के लिए स्कॉर्पियो रिजर्व कर केंद्र की ओर जा रहे थे। कॉलेज के समीप पहुंचते ही अचानक वाहन फिसल गया और कीचड़ व पानी से भरे गहरे तालाब में जा गिरा। देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह पानी में डूब गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना देर किए कई लोग तालाब में कूद पड़े और रेस्क्यू शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की बहादुरी और तत्परता से चालक समेत सभी छात्र-छात्राओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वार्ड पार्षद मुकेश कुमार महासेठ ने तत्काल विश्वविद्यालय थाना और नगर निगम को सूचना दी। इसके बाद नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद डूबी हुई स्कॉर्पियो को बाहर निकाला।

 

हादसे के बाद छात्र-छात्राएं सहमे हुए थे। कुछ के एडमिट कार्ड भी गाड़ी के अंदर ही रह गए थे। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। घर से एडमिट कार्ड की दूसरी कॉपी मंगवाकर, भीगे कपड़ों और मानसिक तनाव के बावजूद सभी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा दी।

 

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सतर्कता और सामूहिक प्रयास से बड़े से बड़ा हादसा भी टाला जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *