झारखंड के पलामू जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चर्चित गुड्डू खलीफा उर्फ मोहम्मद समीर खलीफा हत्याकांड में शामिल एक नामजद आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, हत्या मामले में वांछित अपराधी फैज खान की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में तरहसी थाना क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच आमना-सामना हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही फैज खान ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें फैज खान घायल हो गया।
घायल अवस्था में आरोपी को तत्काल कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और पूछताछ के बाद मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि बीते दिन देर रात मेदिनीनगर बस स्टैंड स्थित राजा साहब बस के कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने गुड्डू खलीफा को गोली मार दी थी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस लगातार गश्त कर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही सभी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
फिलहाल इस मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई से लोगों में भरोसा बढ़ा है, लेकिन पूरे मामले को लेकर अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
रिपोर्ट – सत्यम शुक्ला, पलामू
