खाड़ी देशों में जारी युद्ध और वैश्विक संकट के बीच बिहार की राजधानी पटना में एलपीजी की किल्लत बढ़ती जा रही है। लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सड़कों पर गैस के लिए जंग देखने को मिल रही है।
बुधवार को मां पटन देवी इंडियन गैस एजेंसी के पास डोमेस्टिक गैस के लिए उपभोक्ता धूप में तपते नजर आए। कई दिन से सिलेंडर नहीं मिल पाने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही थी। ग्राहकों ने शिकायत की कि बुकिंग के दौरान ओटीपी नहीं आ रहा है या बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही। कुछ लोगों का कहना था कि रमजान पर्व के दौरान पूरे परिवार ने रोजा रखा है और गैस न मिलने से परेशानी हो रही थी।
इस समस्या को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने गुरुवार को कदम उठाया। मोगलपुरा TOP थाना से मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में उपभोक्ताओं को डोमेस्टिक गैस वितरित किया गया। यह पहली बार है जब थाने से मजिस्ट्रेट की निगरानी में गैस वितरण किया गया, जिससे डोमेस्टिक गैस की कालाबाजारी रोकने में मदद मिल सके।
जिला प्रशासन के अनुसार, मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में वितरण होने से उपभोक्ताओं को गैस आसानी से मिल रही है। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि बुकिंग के समय किसी प्रकार की अनियमितता न हो और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचे।
उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है और अब उन्हें विश्वास है कि मजिस्ट्रेट के निगरानी में गैस की कालाबाजारी पर काबू पाया जा सकता है। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि किसी भी एजेंसी द्वारा अनियमितता या कालाबाजारी पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पटना में एलपीजी संकट के बीच प्रशासन की इस पहल से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। मजिस्ट्रेट और पुलिस की निगरानी में वितरण ने उपभोक्ताओं में भरोसा बढ़ाया है और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया है। जिले के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी दोबारा न हो।
