बिहार शरीफ में स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी का एक लाइव वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला सोहसराय थाना क्षेत्र के सोहडीह मोहल्ले का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात दो अज्ञात चोरों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी चोरी कर ली। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक गाड़ी के पास आते हैं और कुछ ही देर में उसे स्टार्ट कर लेकर फरार हो जाते हैं।
गाड़ी मालिक दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को रात में प्रमोद महतो के मकान के आगे खड़ा किया था। सुबह जब वे बाहर आए तो गाड़ी वहां से गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास खोजबीन की, लेकिन गाड़ी का कोई पता नहीं चला।
बाद में जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया, तब चोरी की पूरी घटना सामने आई। इसके बाद दीपक कुमार ने सोहसराय थाना में गाड़ी चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
