बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां शराब तस्करों ने इस बार तस्करी का बेहद चौंकाने वाला तरीका अपनाया। वॉटर गीजर के बॉक्स के अंदर शराब छुपाकर सप्लाई की जा रही थी। इस अनोखे तरीके को देखकर मध् निषेध विभाग की टीम भी हैरान रह गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है।
मामला पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित बिस्कोमान गोलंबर के पास का है, जहां 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार की रात मध् निषेध विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाया। टीम को पहले से सूचना मिली थी कि इस इलाके में शराब की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर जब छापेमारी की गई, तो मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
जांच के दौरान जो तरीका सामने आया, उसने अधिकारियों को भी चौंका दिया। शराब तस्करों ने वॉटर गीजर के बॉक्स को इस तरह से तैयार किया था कि उसके अंदर शराब की बोतलें छुपाई जा सकें। बाहर से देखने पर यह पूरी तरह एक सामान्य गीजर जैसा ही लग रहा था, जिससे किसी को शक न हो।
मध् निषेध विभाग के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन विभाग भी सतर्क है और ऐसे प्रयासों को लगातार विफल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि शराबबंदी को लागू करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, वहीं तस्कर भी अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए नए-नए तरीके खोज रहे हैं।
