भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली है। थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर एक शराब तस्कर बाइक के जरिए देसी शराब लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
घटना के समय आसपास मौजूद स्थानीय लोग जब बाइक उठाने के लिए आगे बढ़े, तो तस्कर मौके का फायदा उठाकर बाइक छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों को शक हुआ और उन्होंने बाइक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर रखी एक बोरी बरामद हुई, जिसमें यूरिया खाद की आड़ में देसी शराब छिपाकर रखी गई थी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सन्हौला थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक सहित बोरी में रखी देसी शराब को जब्त कर थाना ले आई।
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर फरार हो चुका था। उन्होंने कहा कि बरामद बाइक और शराब को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
