राज्य सरकार स्नातक पास करने वाली छूटी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि देगी। फिलहाल ऐसे 2300 छात्राओं का चयन किया गया है। इन्हें शीघ्र मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत 25 हजार की राशि मिलेगी।
इस योजना के तहत पिछले वर्ष से प्रोत्साहन की राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी गयी है। लेकिन, ये छात्राएं जो पहले ही स्नातक कर चुकी हैं।
लिहाजा इन्हें पुरानी व्यवस्था के तहत 25 हजार की राशि दी जाएगी। शिक्षा विभाग का उच्च शिक्षा निदेशालय ने इन चयनित लड़कियों को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रोत्साहन राशि जारी करने का आदेश दिया है।
इनमें वैसी छात्राएं शामिल हैं, जो निर्धारित समय बीत जाने के कारण अब इस प्रोत्साहन राशि को लेकर नाउम्मीद हो चुकी थीं। हालांकि उन्होंने शिक्षा विभाग में इसको लेकर कई बार संपर्क किया था। संख्या अधिक देखकर निदेशालय ने इन्हें पैसा देने का निर्णय लिया। फरवरी में सरकार ने छूटी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया और उसके बाद इस पर कार्रवाई शुरू हुई। आवेदन में 2300 लड़कियों को इस योजना के लिए पात्र पाया गया। इन्हें राशि जारी की जा रही है।
उधर, उच्च शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर छूटी अन्य छात्राओं को भी एक और अवसर देने का निर्णय लिया है। इसको लेकर फिर से आवेदन का पोर्टल खोला जाएगा। इस समय प्रोत्साहन राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी होने के तत्काल बाद शेष बच गयी लड़कियों के लिए नये ढंग से प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
पिछले दिनों तीन सत्रों 2015-18, 2016-19 और 2017-20 में उत्तीर्ण 1.60 लाख छात्राओं को 400 करोड़ की राशि दी गई है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में छात्राएं छूट गयी हैं। हालांकि सरकार के निर्णय के अनुसार 31 मार्च 2021 से 31 अक्टूबर 2022 तक की समय सीमा ही तय की गयी थी। इस अवधि में स्नातक करने वाली छात्राओं को स्नातक प्रोत्साहन योजना के तहत 50 हजार की राशि दी जा रही है।