सहरसा जिले के महिषी अंचल में लंबे समय से जमीन संबंधी शिकायतों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आज माहौल उस वक्त गरमा गया, जब विधायक गौतम कृष्णा “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सीधे जनता के बीच पहुंचे। इस दौरान आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन विवाद से जुड़ी सामने आईं।

 

जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। कई किसानों और स्थानीय लोगों ने साफ तौर पर कहा कि बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता और उन्हें महीनों से चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे आम जनता में भारी नाराजगी देखने को मिली।

 

विधायक गौतम कृष्णा ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक महीने के अंदर सभी लंबित मामलों का समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो अगले महीने फिर से जनता दरबार लगाया जाएगा और अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा कि आखिर अब तक समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हुआ।

 

विधायक ने सख्त लहजे में यह भी कहा कि यदि तीन महीने के भीतर भी स्थिति में सुधार नहीं होता है, तो ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों को महिषी अंचल में रहने नहीं दिया जाएगा।

 

इस मौके पर महिषी प्रखंड के ब्लॉक प्रमुख मोहम्मद रियाज ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वे लगातार अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराते रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

 

अब सवाल यह है कि विधायक की इस सख्त चेतावनी के बाद प्रशासन सक्रिय होता है या फिर जनता को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *