****
**भागलपुर** — बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी पंचायत अंतर्गत फुलवरिया गांव में भूमि विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब एक पूर्व वार्ड सदस्य चंदा देवी के पति कोरस राय पर हमलावरों का साथ देने और हमले को उकसाने का गंभीर आरोप लगा। इस घटना ने पूरे गांव में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है।
घटना के अनुसार, फुलवरिया निवासी रोशन दुबे ने अपने पड़ोसी पंकज राय को साढ़े तीन कट्ठा जमीन बेची थी। रोशन दुबे का कहना है कि पंकज राय ने जमीन के मूल्य का कुछ हिस्सा नकद में अदा किया था, जबकि शेष राशि के लिए दो चेक दिए गए थे। दोनों पक्षों के बीच यह शर्त तय हुई थी कि रजिस्ट्री तो कर दी जाएगी, लेकिन जब तक पूरा भुगतान नहीं हो जाता, पंकज राय को जमीन का पूर्ण स्वामित्व नहीं मिलेगा।
हालांकि, रजिस्ट्री के कुछ महीनों बाद ही पंकज राय ने बिना पूरा भुगतान किए खेत में बीज बोना शुरू कर दिया। जब रोशन दुबे ने इसका विरोध किया, तो विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। रोशन का आरोप है कि पंकज राय की पत्नी पुष्पलता देवी और पूर्व वार्ड सदस्य चंदा देवी ने उस पर ईंट और लाठियों से हमला किया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चंदा देवी के पति कोरस राय, जो पूर्व में जनप्रतिनिधि रह चुके हैं, ने मामले में निष्पक्षता बरतने की बजाय पंकज राय और उसकी पत्नी का पक्ष लेते हुए हमलावरों को उकसाया। रोशन दुबे ने आरोप लगाया कि कोरस राय ने हमले में न केवल सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर हमलावरों को बढ़ावा भी दिया।
इस हमले में रोशन दुबे को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जगदीशपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि रोशन का हाथ टूट गया है और पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही, सीटी स्कैन की सलाह दी गई है।
फिलहाल रोशन दुबे मायागंज अस्पताल में इलाजरत हैं। उन्होंने अभी तक पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है, लेकिन उन्होंने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे कानूनी कार्रवाई करेंगे।
इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब एक पूर्व जनप्रतिनिधि का परिवार ही खुलेआम पक्षपात और हिंसा में शामिल हो, तो आम जनता को न्याय मिलना मुश्किल हो जाता है। रोशन दुबे की पत्नी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के विवादों को हिंसक होने से रोका जा सके।
