बिहार के हाजीपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जमीनी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। लोदीपुर गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर जमकर चले और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 

जानकारी के मुताबिक, गांव में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला हिंसा में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

 

आरोप है कि उपद्रवियों ने मौके पर एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाया। पहले दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई, फिर नकद और सामान की लूटपाट की गई। बताया जा रहा है कि करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग तीन लाख रुपये के सामान को लूट लिया गया। इसके बाद उपद्रवियों ने दुकान में आग लगा दी, जिससे भारी नुकसान हुआ।

 

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ को खुलेआम पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी करते देखा जा सकता है। इस दौरान कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित पक्ष के मंजय शर्मा ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग सैकड़ों की संख्या में आए और सुनियोजित तरीके से हमला किया।

 

बताया जा रहा है कि यह विवाद जमीन के टाइटल सूट को लेकर पहले से ही चल रहा था, जो अब हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने में जुटी है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *