मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है, हालांकि फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके बावजूद ठंड का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है। खासकर मैदानी और पर्वतीय इलाकों में सुबह और रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

 

राज्य के ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छा रहा है, जिससे गलन काफी बढ़ गई है। कोहरे के कारण दिन में निकलने वाली धूप भी बेअसर नजर आ रही है। इसका असर यह है कि मैदानी इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है और लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।

 

वहीं उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चम्पावत और अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय जिलों में सुबह के समय जमकर पाला गिर रहा है। खेतों और खुले इलाकों में पाले की सफेद चादर बिछी नजर आ रही है। पहाड़ों में पड़ रही हाड़तोड़ ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

 

मौसम विभाग यानी आईएमडी ने आज से 21 दिसंबर तक राज्य में भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार 20 और 21 दिसंबर को चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की भी संभावना जताई गई है। इससे आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ने के आसार हैं।

 

इसके अलावा आईएमडी ने अति घने कोहरे और शीत दिवस को लेकर भी चेतावनी जारी की है। 18 दिसंबर को हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में अति घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं ऊधमसिंह नगर जिले में कहीं-कहीं शीत दिवस भी हो सकता है।

 

19 और 20 दिसंबर को भी इन जिलों में अत्यंत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। हवाई सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों, कमजोर लोगों और गर्भवती महिलाओं को सतर्क रहने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *