कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष मंगलवार को निर्मली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने वार्षिक निरीक्षण के तहत कार्यालय की प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं आम जनता की शिकायतों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में आगंतुक पंजी एवं अन्य अभिलेखों में पाई गई त्रुटियों को सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। डीआईजी ने संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने, अपराध नियंत्रण हेतु नियमित गश्ती बढ़ाने तथा खुफिया तंत्र को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चयनित मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाने का भी आदेश दिया गया।
इस अवसर पर सुपौल एसपी सरथ आर.एस., निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राणा रणविजय सिंह, थानाध्यक्ष सियावर मंडल, मरौना थानाध्यक्ष रैमन भास्कर, कुनौली थानाध्यक्ष सतप्रकाश, डगमारा थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल, नदी थानाध्यक्ष शिशुपाल रविदास सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में डीआईजी भारत-नेपाल सीमा स्थित कुनौली वाहक पोस्ट का भी निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उनके इस दौरे से स्थानीय पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ने तथा प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
आगामी 28 तारीख को सुपौल पुलिस लाइन एवं एसडीपीओ कार्यालय के निरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित है।
